पुरुलिया । पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भाजपा सांसद एवं प्रदेश भाजपा महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कोटशिला थाना क्षेत्र में लगाए गए एक पोस्टर में सांसद की हत्या करने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्थानीय लोगों की नजर एक धमकी भरे पोस्टर पर पड़ी। सफेद कागज पर नीली स्याही से लिखे गए इस पोस्टर में कथित तौर पर सरकारी कार्रवाई के तहत घर तोड़े जाने का मुद्दा उठाया गया है और इसके लिए सांसद को जिम्मेदार ठहराया गया है। पोस्टर में चेतावनी दी गई है कि यदि यह कार्रवाई जारी रही तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
पोस्टर के अंत में सांसद की हत्या करने वाले को एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। स्थानीय बोली में लिखे गए इस पोस्टर की तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं।
घटना के बाद सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे उग्रवादी या माओवादी तत्वों की भूमिका हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने पोस्टर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसे किसने लगाया तथा इसके पीछे क्या उद्देश्य था। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने सांसद को मिली धमकी की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
