26 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

बलिया पुलिस मुठभेड़ में गवाह हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गड़वार थाना पुलिस ने गवाह की हत्या के मामले में वांछित एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार रविवार देर रात गड़वार थाना क्षेत्र में गश्त और वाहन जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध रतसड़-नूरपुर मार्ग स्थित पुलिया के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपित सौरभ उपाध्याय (27) ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसड़ ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

गवाह की हत्या का आरोप

अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने पिता देवेंद्र उपाध्याय के कहने पर साथियों गोविंद चौहान, अरुण राजभर, सोनू चौहान और सूरज चौहान के साथ मिलकर पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की हत्या की थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख