30.4 C
Kolkata
Saturday, June 13, 2026

अर्पिता महिला मंडल ने 16 ज़रूरतमंद बेटियों को शादी के लिए उपलब्ध कराया ज़रूरी सामान

रांची । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर स्थित संगम सभागार में शनिवार को अर्पिता महिला मंडल की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की विवाह योग्य बेटियों को विवाह सहायता सामग्री और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।

इस पहल के तहत सीसीएल के 15 विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 15 बेटियों तथा मुख्यालय से चयनित एक बेटी सहित कुल 16 लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधकों एवं सीसीएल मुख्यालय के सहयोग से प्रत्येक लाभार्थी को अलमारी, एयर बैग, साड़ी, चुन्नी, तौलिया, सुहाग पोटली और फलों की टोकरी भेंट की गई। इसके अलावा सभी बेटियों को नकद सहायता राशि भी प्रदान की गई, ताकि वे अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत सम्मान और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रीति सिंह ने बेटियों को अपने स्नेह और आशीर्वाद के प्रतीक स्वरूप अतिरिक्त नकद राशि भी प्रदान की। उन्होंने नवजीवन की शुरुआत करने जा रही बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में प्रीति सिंह ने कहा कि अर्पिता महिला मंडल समाज के वंचित, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को संबल देना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहल से बेटियों का मनोबल बढ़ेगा और वे आत्मसम्मान के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकेंगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रीता तिवारी, रूपा रानी, रीता मिश्रा एवं नीरू हंजूरा का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

नवीनतम लेख