किंशासा । मध्य अफ्रीकी देश कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) एक बार फिर भीषण आतंकी हमले से दहल उठा है। कुख्यात विद्रोही समूह एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेस (ADF) के लड़ाकों ने उत्तरी किवू प्रांत में बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए कम से कम 22 बेगुनाह नागरिकों की बेरहमी से हत्या कर दी।
वारदात: आधी रात को धारदार हथियारों से हमला
स्थानीय मीडिया और ‘केबीसी चैनल 1 न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार हमला मंगलवार आधी रात से बुधवार सुबह के बीच हुआ। उत्तरी किवू प्रांत के बेनी क्षेत्र में स्थित ब्यू मन्यामा शहर। हमलावरों ने गोलीबारी के बजाय धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
कौन है ADF और क्यों है इतना खतरनाक?
ADF को कांगो के पूर्वी हिस्से में सक्रिय सबसे घातक विद्रोही समूह माना जाता है। इसकी शुरुआत 1990 के दशक के मध्य में युगांडा में सरकार विरोधी गुट के रूप में हुई थी, लेकिन अब इसका मुख्य ठिकाना कांगो के घने जंगल हैं। यह समूह खुद को इस्लामिक स्टेट (ISIS) का सहयोगी बताता है और अब तक हजारों नागरिकों की हत्या कर चुका है। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (UN) ने इसे वैश्विक आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है।
सुरक्षा बलों का साझा अभियान
एडीएफ के आतंक को खत्म करने के लिए कांगो की सेना, युगांडा की सेना और संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिक लंबे समय से संयुक्त सैन्य अभियान चला रहे हैं। हालांकि, जंगलों की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर ये विद्रोही अक्सर ग्रामीण इलाकों में घात लगाकर हमला करने में सफल हो जाते हैं।

