नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार, 13 जुलाई को गुजरात के गांधीनगर जिले के दहेगाम में कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) के अमृत महोत्सव के अवसर पर नए सब्जी उप-यार्ड का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी करेंगे और एपीएमसी की ओर से तैयार स्मारक प्रकाशन का विमोचन करेंगे।
किसानों को मिलेंगी आधुनिक विपणन सुविधाएं
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, दहेगाम एपीएमसी द्वारा विकसित नया सब्जी उप-यार्ड किसानों को आधुनिक विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, उपभोक्ताओं तक ताजी सब्जियां आसानी से पहुंच सकेंगी और कृषि विपणन व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।
सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों पर करेंगे चर्चा
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह एपीएमसी बोर्ड के सदस्यों से संवाद करेंगे और सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। इस आयोजन में सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और एपीएमसी के सदस्य भी शामिल होंगे। इससे किसानों और सहकारी संस्थाओं के बीच सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
