जोधपुर । शहर में एक किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक बम की तरह ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद मोबाइल में भीषण आग लग गई, जिससे व्यापारी के घुटने के ऊपर का हिस्सा और हाथ की अंगुलियां गंभीर रूप से झुलस गईं। तड़पते हुए व्यापारी ने खुद को बचाने के लिए जेब से जलता हुआ फोन बाहर निकालने की कोशिश की, जिससे उनके हाथ की अंगुलियां भी बुरी तरह जल गईं।
मंडोर कृषि मंडी इलाके की घटना, घायल अस्पताल में भर्ती
यह दर्दनाक घटना मंडोर कृषि मंडी इलाके में सोमवार दोपहर में हुई। लाल सागर क्षेत्र के रहने वाले घायल व्यापारी गोपाल सोनी (39) को हादसे के तुरंत बाद मंडोर के सैटेलाइट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घाव गहरे और हालत गंभीर होने के कारण मंगलवार सुबह उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
प्लास्टिक सर्जन की देखरेख में चल रहा है इलाज
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महात्मा गांधी हॉस्पिटल के वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजेश गालवा की देखरेख में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम व्यापारी का सघन इलाज कर रही है। जेब में रखे फोन में अचानक हुए इस ब्लास्ट से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।
