झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में नववर्ष 2026 की पहली सुबह भक्तिमय माहौल में मनाई गई। रांची, जमशेदपुर, देवघर और अन्य शहरों के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। लोग मंदिरों में माथा टेका और आने वाले साल के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। रांची में पहाड़ी मंदिर, जगन्नाथपुर मंदिर, काली मंदिर और बिरसा चौक स्थित शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा। मंदिरों में भजन-कीर्तन और घंटे-घड़ियाल की आवाज़ से माहौल भक्तिमय बना रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। जमशेदपुर में बिष्टुपुर कालीबाड़ी, साकची हनुमान मंदिर और मानगो के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। परिवार सहित आए लोग प्रसाद अर्पित कर नए साल की मंगलकामनाएं करते नजर आए। मंदिर समितियों ने स्वच्छता और भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की।
देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में भी नववर्ष पर विशेष उत्साह देखा गया। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की थी। धनबाद, बोकारो और हजारीबाग सहित अन्य शहरों में भी मंदिरों में भक्तों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। नववर्ष पर लोग न सिर्फ पूजा-अर्चना करने पहुंचे, बल्कि एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं भी दीं। कुल मिलाकर झारखंड में नए साल का आगाज आस्था, विश्वास और उमंग के साथ हुआ।


