गुमला जिले में रांची–गुमला मुख्य मार्ग पर जुरा के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सकरौली स्कूल के प्रिंसिपल प्रेम कुजूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन को आग के हवाले कर दिया, साथ ही मुख्य सड़क को कुछ समय के लिए जाम कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेम कुजूर अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्कूल प्रिंसिपल की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने बोलेरो वाहन में आग लगा दी और रांची–गुमला मुख्य मार्ग पर आवागमन ठप कर दिया। सूचना पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया।


