झारखंड की राजधानी रांची में मेसर्स शैली ट्रेडर्स नामक दवा कंपनी और उसके संचालकों भोला प्रसाद व पुत्र शुभम जायसवाल के खिलाफ एक बड़े अवैध कफ सिरप सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। आरोप है कि उन्होंने 2023 से 2025 के बीच लगभग 100 करोड़ रुपये की कोडीन फॉस्फेट युक्त नशीली “फेन्सीडील” कफ सिरप की सप्लाई गैरकानूनी थोक विक्रेताओं को की।
जांच में यह भी सामने आया है कि सिर्फ वाराणसी क्षेत्र में 26 थोक विक्रेता शामिल थे, जबकि कुल मिलाकर 93 थोक दवा विक्रेताओं को यह सिरप भेजा गया।
ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली की रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में भोला प्रसाद, शुभम जायसवाल और अन्य शामिल हैं।
जांच के समय यह भी पाया गया कि कई मेडिकल स्टोर्स के पास बिक्री का कोई रिकॉर्ड नहीं था और कुछ दुकाने बंद थीं, जिससे यह अंदेशा बना कि सिरप नशे की बाजार में पहुंच रहा था।
यह मामला औषधि प्रशासन विभाग की उन बड़ी छानबीनों में आता है, जो पिछले कुछ महीनों में कोडीन युक्त सिरप के अवैध व्यापार को रोकने के लिए शुरू की गई थीं।


