सीवान। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के माघर पाण्डेय मोड़ के समीप सोमवार की अहले सुबह घर के अंदर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के गले पर दबाव के काले निशान और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्याकांड के विरोध में एनएच-331ए को जाम कर दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने तथा कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम हटाया गया।
मृतक की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा प्रसाद सोनी के पुत्र सौरभ कुमार सोनी के रूप में हुई है। बताया गया कि सौरभ रविवार रात अपने माता-पिता और दो छोटे बच्चों के साथ घर में सोया था। परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाने के बाद रात में सोने के लिए अपने-अपने कमरे में चले गए थे। सोमवार सुबह परिजन जब कमरे में पहुंचे तो सौरभ संदिग्ध अवस्था में मृत पड़ा मिला। उसके गले पर दबाव के स्पष्ट निशान और सिर पर चोट के निशान दिखाई दिए। घर के दरवाजे की कुंडी भी टूटी हुई मिली, जिससे परिजनों ने घर में घुसकर हत्या किए जाने की आशंका जताई।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने एनएच-331ए पर आवागमन रोक दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोग हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की पहचान और तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटा लिया और यातायात बहाल हो सका।
मृतक की मां ने बताया कि सुबह कमरे में जाने पर सौरभ मृत अवस्था में मिला। वहीं, पिता कृष्णा प्रसाद सोनी ने जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया है। उनके अनुसार पट्टीदारों के साथ करीब 11 धुर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण उनके बेटे की हत्या कराई गई है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घर के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों के आरोपों और जमीन विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
