रांची। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में पुलिस बल की भव्य परेड भी आयोजित की गई, जिसमें झारखंड पुलिस के साथ ओडिशा पुलिस की मेहमान प्लाटून ने भी हिस्सा लिया।
उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवा के लिए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को पदक प्रदान किए गए। इनमें पुलिस महानिरीक्षक डॉ. माइकल राज एस और पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल रहे। इनके अलावा पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार राय, विशेष शाखा के डीएसपी नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार और पुलिस निरीक्षक अस कुमार मोदी को भी उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को भी उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए विभिन्न श्रेणियों में पदक प्रदान किए गए। एसटीएफ रांची के सहायक उप निरीक्षक अरविंद कुमार पाले और संजीव कुमार झा, रांची जिले के दीपक तथा अपराध जांच विभाग के महेंद्र महतो को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विशेष कार्य बल के चालक हवलदार मोहम्मद इकबाल, विराय मुंड्री और हवलदार विजय थापा को भी सेवा पदक प्रदान किए गए। महिला आरक्षी प्रभा देवी, महिला हवलदार रंजीता पुजू तथा गढ़वा जिले के आरक्षी विदेशी माजी को भी उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए पदक देकर सम्मानित किया गया।
ओडिशा पुलिस की मेहमान प्लाटून ने भी लिया हिस्सा
राजकीय समारोह में पुलिस बल की आकर्षक और अनुशासित परेड ने लोगों का ध्यान खींचा। परेड का नेतृत्व 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने फर्स्ट कमांड के रूप में किया। सेकंड इन कमांड दानिशूल और परिचारी अनीश मोहित रहे।
परेड में ओडिशा पुलिस की मेहमान प्लाटून ने भी हिस्सा लिया। प्लाटून का नेतृत्व निरीक्षक दीपक बाबरी ने किया। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन और समारोह में सहभागिता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निरीक्षक दीपक बाबरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाना उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और विशिष्ट सेवाओं के प्रति राज्य सरकार के सम्मान का प्रतीक रहा। सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया।
