रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के नामकुम स्थित राज्य मुख्यालय में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में शशि प्रकाश झा ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना है। देश को आजादी दिलाने वाले वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्र भारत में जीने का अवसर दिया। अब प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ काम करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
अभियान निदेशक ने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि लोगों को स्वस्थ रखना, स्वयं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना और समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने टीबी और कुष्ठ जैसे गंभीर रोगों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इन गंभीर रोगों का प्रभावी तरीके से उन्मूलन करने और राज्य के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए। आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शशि प्रकाश झा ने कहा कि स्वास्थ्य ही वास्तविक संपदा है और स्वस्थ समाज के निर्माण में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने कर्तव्य पथ पर ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने की अपील की।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने तथा राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का संकल्प लिया।
