30 C
Kolkata
Sunday, August 16, 2026

रांची में जेसीआई ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, लाबेद में गूंजा राष्ट्रगान

रांची। जेसीआई रांची की ओर से अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम से जुड़े लाबेद गांव में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। संस्था के सदस्यों ने अपने परिवार और बच्चों के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व मनाया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

समारोह में बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की जानकारी देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उनका पालन करने की जिम्मेदारी भी है। बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच कॉपी, स्टेशनरी, चॉकलेट और मिठाइयों का वितरण किया गया। सामग्री और उपहार पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा करते हुए उन्हें शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।

जेसीआई रांची के अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन ने कहा कि संस्था सामाजिक सरोकारों के तहत लाबेद गांव के साथ लगातार जुड़कर सामुदायिक सहभागिता और विकास की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। संस्था का प्रयास है कि सामुदायिक विकास के कार्यों के साथ स्थानीय लोगों और बच्चों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम में जेसीआई रांची के अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, उपाध्यक्ष-कम्युनिटी जेसी अनुभव अग्रवाल, निदेशक-लाबेद जेसी अंकित मोदी, निदेशक-कम्युनिटी आउटरीच जेसी ऋषभ छापरिया, प्रोजेक्ट चेयरमैन जेसी आदित्य जालान और को-प्रोजेक्ट चेयरमैन जेसी आशीष अग्रवाल सहित जेसीआई के कई सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम की जानकारी जेसीआई रांची के जनसंपर्क अधिकारी जेसी रवि कांत सामोता ने दी।

Related Articles

नवीनतम लेख