रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच समेत विभिन्न आंदोलनरत छात्र संगठनों के आह्वान पर रांची में तिरंगा मार्च निकाला गया। करीब 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ सैकड़ों छात्र-युवाओं ने देशभक्ति गीतों और नारों के बीच भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। खास बात यह रही कि पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्र अभ्यर्थी भी व्हीलचेयर पर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और सरकार से छात्र हित में उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुए तिरंगा मार्च में छात्रों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। व्हीलचेयर पर शामिल अनशनकारी छात्रों ने कहा कि 14 दिनों से जारी उनका संघर्ष कमजोर नहीं पड़ा है। उन्होंने सरकार से जेपीएससी-जेएसएससी मामले में हठधर्मिता छोड़कर छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उचित निर्णय लेने की अपील की।
आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को स्वीकार कर लेती है तो वे आंदोलन समाप्त कर अपने-अपने घर लौट जाएंगे। छात्रों ने जेपीएससी-जेएसएससी सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए पूरे मामले को सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए। छात्राओं ने भी सरकार से मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है और इसका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को उनकी मांगों पर जल्द ठोस पहल करनी चाहिए।
तिरंगा मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, लालपुर और परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए अरगोड़ा स्टेडियम पहुंचा। पूरे मार्ग में छात्र देशभक्ति गीतों और नारों के बीच तिरंगा लेकर आगे बढ़ते रहे। मार्च के दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा से जुड़ी अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
तिरंगा मार्च को देखते हुए रांची पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मार्च के मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए।
उल्लेखनीय है कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं की सीबीआई जांच सहित विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को छात्रों की भूख हड़ताल 14वें दिन और छात्र आंदोलन 22वें दिन में प्रवेश कर गया। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा मार्च के माध्यम से आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार से संवाद और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की।
