रांची। झारखंड विधानसभा घेराव के लिए निकले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों को मंगलवार को पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया। छात्रों को हिरासत में लिए जाने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हिरासत में लिए गए छात्रों के समर्थन में बड़ी संख्या में अन्य छात्र बस के सामने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की।
छात्रों ने हिरासत में लिए गए साथियों को छोड़ने की मांग की
पुलिस की कार्रवाई के बाद एबीवीपी के छात्रों ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने हिरासत में लिए गए अपने साथियों को तत्काल छोड़ने की मांग की। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते नजर आए।
छात्र किसी भी तरह विधानसभा तक पहुंचने की कोशिश में जुटे रहे। हालांकि, पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास ही उनकी आगे बढ़ने की राह रोक दी। पुलिसकर्मी लगातार छात्रों को आगे नहीं बढ़ने की हिदायत देते रहे, जबकि प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग और पुलिस की घेराबंदी को पार कर विधानसभा की ओर जाने का प्रयास करते रहे।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पुरानी विधानसभा के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के बीच इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा तक पहुंचने पर अड़े हुए हैं, जबकि पुलिस उन्हें आगे बढ़ने से रोक रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद के दौरान रांची समेत राज्य के कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर झारखंड में राजनीतिक माहौल भी गरमाया हुआ है।
