32.4 C
Kolkata
Monday, August 10, 2026

छात्रों के आंदोलन ने खोली सरकार के भ्रष्टाचार की पोल : दुलाल भुइयां

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के भालुबासा स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्व मंत्री और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुइयां ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसी वजह से छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

दुलाल भुइयां ने जेपीएससी, जेएसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए खेत और जमीन तक बेच देते हैं। अभिभावकों को उम्मीद रहती है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद बच्चों को रोजगार मिलेगा, लेकिन परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की शिकायतों से वर्षों मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ गंभीर मामला है और इसकी जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए। आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के आंदोलन को लेकर गंभीर नहीं है और लगातार आश्वासन देकर उन्हें गुमराह कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि कोयला, बालू और खनिज की कथित चोरी से भी बड़ा अपराध युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल गंभीरता से विचार करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की।

दुलाल भुइयां ने कहा कि यदि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पार्टी कार्यकर्ताओं को आंदोलन का निर्देश देते हैं तो भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन दे रही है। दुलाल भुइयां ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आने वाले समय में जनता सरकार के खिलाफ अपना जनादेश देगी और उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

Related Articles

नवीनतम लेख