नई दिल्ली। युगल सैनी की तूफानी 91 रन की पारी के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के 19वें मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को चार विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली ने 221 रन के लक्ष्य को 19.4 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली की टीम साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकी। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 20 ओवर में छह विकेट पर 220 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने 31 गेंदों में आठ छक्कों और एक चौके की मदद से 69 रन की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान आयुष बडोनी ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान ने 23 गेंदों में 38 रन का योगदान दिया।
सेंट्रल दिल्ली की ओर से मनी ग्रेवाल सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। गवनीश खुराना ने भी दो विकेट हासिल किए, हालांकि उन्हें 40 रन खर्च करने पड़े।
युगल सैनी ने पलटा मुकाबला
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स को शुरुआती झटका लगा और कप्तान यश ढुल एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद युगल सैनी ने मोर्चा संभालते हुए 45 गेंदों में नौ चौकों और छह छक्कों की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली।
सैनी ने केशव डाबास के साथ चौथे विकेट के लिए 96 रन की अहम साझेदारी की। डाबास ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद सैनी ने वंश बेदी के साथ 48 रन की तेज साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। वंश बेदी 13 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे।
साउथ दिल्ली की ओर से अंशुमान हुड्डा ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए, लेकिन अंतिम ओवरों में सेंट्रल दिल्ली के बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा और 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से जीत दर्ज की।
