रांची। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) और ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) ने 10 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद का आह्वान छात्रों और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों, खासकर 14वीं जेपीएससी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर किया गया है।
एआईएसएफ के प्रदेश सह सचिव अफजल दुर्रानी ने बयान जारी कर कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। जेपीएससी की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे विवाद और अनियमितताओं से झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 10 अगस्त का झारखंड बंद छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लोकतांत्रिक लड़ाई है। यदि सरकार समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रमुख मांगें
- 14वीं जेपीएससी परीक्षा तत्काल रद्द की जाए।
- जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
- सभी लंबित बैकलॉग नियुक्तियां अविलंब पूरी की जाएं।
- क्लस्टर प्रणाली वापस ली जाए।
- ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि का अविलंब भुगतान किया जाए।
- परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
एआईएसएफ ने झारखंड के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से 10 अगस्त के झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की है।
