28.8 C
Kolkata
Saturday, August 8, 2026

इंदौर में पश्चिम क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति की बैठक

इंदौर। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में 13वीं पश्चिम क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति की बैठक शुक्रवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में हुई। बैठक में सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने अंतरराज्यीय अपराधों से निपटने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की।

बैठक में मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा तथा केंद्र शासित प्रदेश दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेली के पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बदलते आपराधिक परिदृश्य, अंतरराज्यीय अपराधों की रोकथाम और राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में आगामी सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं, गुमशुदा बच्चों की शीघ्र तलाश, बढ़ते साइबर अपराध, संगठित अपराध, पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल तथा अवैध मादक पदार्थों और नार्को रसायन नेटवर्क के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस प्रमुखों ने अंतरराज्यीय अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए वास्तविक समय में खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, लगातार संपर्क और प्रत्येक राज्य में नोडल अधिकारी नियुक्त करने पर सहमति जताई। नियमित समीक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

नार्को रसायनों के अवैध निर्माण, परिवहन और इस्तेमाल के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई के लिए जल्द कार्ययोजना तैयार कर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। संगठित अपराध और राष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोहों पर शिकंजा कसने के लिए विभिन्न राज्यों के वांछित और इनामी अपराधियों का डाटाबेस भी साझा किया गया।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में शामिल कराने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

विभिन्न राज्यों के पुलिस प्रतिनिधियों ने संगठित अपराध, महिला सुरक्षा, मादक पदार्थ नियंत्रण, साइबर अपराध और तकनीक की मदद से अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी से जुड़ी सफल कार्यप्रणालियां साझा कीं। भविष्य में ऐसी सफल पहल और अनुभव नियमित रूप से साझा करने पर भी सहमति बनी।

मध्य प्रदेश पुलिस के ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-रक्षक, मेडलेपार, ई-समंस, नशामुक्ति अभियान, सेफ क्लिक और ऑपरेशन मुस्कान जैसे नवाचारों की अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने सराहना की। भारत सरकार के राष्ट्रीय पोर्टल और अपराध संबंधी डाटाबेस का अधिकतम उपयोग कर तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 14वीं पश्चिम क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति की बैठक का आयोजन गोवा पुलिस करेगी। सम्मेलन ने पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों के बीच सूचना साझाकरण, सहयोग और संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में काम किया।

Related Articles

नवीनतम लेख