कानपुर। यूपी टी20 लीग 2026 के लिए कानपुर सुपरस्टार्स ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। टीम 15 अगस्त को लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में नोएडा किंग्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। प्रतियोगिता का दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को होगा।
फ्रेंचाइजी के मालिक आयुष लालवानी ने नीलामी के बाद टीम पर संतोष जताते हुए कहा कि प्रबंधन बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडरों के बीच संतुलित टीम बनाने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। बल्लेबाजी में समीर रिजवी और तेज गेंदबाजी में मोहसिन खान टीम की प्रमुख ताकत होंगे।
उन्होंने कहा कि कर्ण शर्मा और मोहम्मद अमान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन युवा खिलाड़ियों के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उनके अनुभव और नेतृत्व से टीम को मजबूती मिलेगी।
यूपीसीए की स्पीड हंट पहल की सराहना करते हुए लालवानी ने कहा कि इससे प्रदेश के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। यूपी टी20 लीग युवा खिलाड़ियों के लिए ऐसा मंच है, जहां से वे आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने का सपना साकार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय टी20 लीगों से खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और उन्हें बड़े अवसर हासिल करने का भरोसा देते हैं।
आयुष लालवानी ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और टीम के लिए शत-प्रतिशत योगदान देने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि इसी से बेहतर परिणाम हासिल होंगे।
