25 C
Kolkata
Thursday, August 6, 2026

15 अगस्त तक जीएमसीएच भवन हैंडओवर करने का निर्देश

सारण। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) छपरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं और मरीजों को मिल रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलॉजी जांच, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य हर हाल में 15 अगस्त तक पूरे कर भवन प्रशासन को हैंडओवर किया जाए।

उन्होंने बीएमएसआईसीएल के उप महाप्रबंधक को निर्माण एजेंसी से स्पष्ट समय-सीमा के साथ कार्ययोजना लेकर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए जीएमसीएच अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित करने को कहा, जिसमें निदेशक एनईपी, निदेशक डीआरडीए और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में जल निकासी की व्यवस्था के लिए पथ निर्माण विभाग से समन्वय, मरीजों के भोजन की व्यवस्था के लिए जीविका के स्वयं सहायता समूहों का चयन तथा पर्यावरण संरक्षण के तहत मनरेगा से पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा एम्बुलेंस और ब्लड बैंक की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जीएमसीएच को सदर अस्पताल और ब्लड बैंक से जोड़ने को कहा।

उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करते हुए शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख