रांची। झारखंड में 14वीं जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे सत्याग्रह और आमरण अनशन के 13वें दिन छात्र नेता महेंद्र प्रसाद मंडल ने कहा कि यदि अभ्यर्थियों की मांगें नहीं मानी गईं तो देशभर के जेन-जी ग्रुप के युवा झारखंड पहुंचकर आंदोलन का समर्थन करेंगे।
महेंद्र मंडल ने कहा कि वे बिना पानी ग्रहण किए आमरण अनशन पर बैठे हैं और मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन के दौरान किसी छात्र-अभ्यर्थी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। उनकी मांग है कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द कर पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा कराई जाए, कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच हो तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में व्यापक सुधार किए जाएं और विवादों से जुड़े कर्मियों को हटाकर निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महेंद्र मंडल ने दावा किया कि आंदोलन की कोर समिति के पास कथित अनियमितताओं से जुड़े कई दस्तावेज मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्वयं या प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से आंदोलनकारियों से वार्ता करने और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है तो इससे युवाओं का आंदोलन और व्यापक होगा तथा देशभर के युवा झारखंड आकर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
