31.7 C
Kolkata
Tuesday, August 4, 2026

बर्मामाइंस गोलीकांड: घायल युवक की कोलकाता में मौत, सड़क जाम कर प्रदर्शन

पूर्वी सिंहभूम। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड में घायल आफताब आलम की मंगलवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने थाना के बाहर सड़क जाम कर टायर जलाए और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

रविवार रात कंटेनर यार्ड के पास हुई थी फायरिंग

जानकारी के अनुसार, रविवार रात मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के समीप मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में उन्हें तीन गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे उनकी मौत हो गई।

12 लोगों पर प्राथमिकी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए थे। पुलिस ने मामले में 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

आफताब आलम की मौत के बाद बर्मामाइंस और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख