31.4 C
Kolkata
Sunday, August 2, 2026

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के टावर पर चढ़ा युवक, घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

रांची। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गया। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान और लगातार समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाना ले गई।

जानकारी के अनुसार घटना देर रात करीब एक बजे की है। युवक की पहचान हीरालाल के रूप में हुई है। टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम के बाहर जुट गए। पुलिस ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक टीम ने लगातार युवक से बातचीत की। काफी देर तक समझाने के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। सुरक्षित नीचे आने के बाद सबसे पहले उसकी मुलाकात उसकी पत्नी और बच्चों से कराई गई। परिवार को देखते ही हीरालाल भावुक हो गया और पत्नी व बच्चों से लिपटकर रो पड़ा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए और युवक के सुरक्षित बच जाने पर राहत की सांस ली।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों का दावा था कि हीरालाल पिछले कई दिनों से JPSC–JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन में शामिल रहा है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

नीचे उतरने के बाद मीडिया से बातचीत में हीरालाल ने कहा कि वह लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। उसका आरोप था कि भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उसने कहा कि वह अपनी बात सरकार और जिला प्रशासन तक पहुंचाना चाहता था, इसलिए मजबूरी में यह कदम उठाया।

पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला। राहत दल ने सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए और लगातार बातचीत के जरिए युवक को आत्मविश्वास दिलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान सफल रहा और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस ने हीरालाल को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त होने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

नवीनतम लेख