31.4 C
Kolkata
Sunday, August 2, 2026

शादी के दबाव से तंग आकर की हत्या, महिला का शव कैनाल में फेंका; आरोपित गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल से 26 जुलाई को बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई स्कूटी और अन्य सामान भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपित ने उसकी हत्या कर शव कैनाल में फेंक दिया।

रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह कलियाडीह कैनाल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। जांच के बाद मृतका की पहचान जुगसलाई के बंगालीपाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पोटका थाना क्षेत्र के छोटा बांदुआ निवासी दासमत बास्के की संलिप्तता सामने आई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार आरोपित ने बताया कि किरण देवी उससे शादी करने की जिद कर रही थीं। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने उनकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को कलियाडीह कैनाल में फेंक दिया।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी, घटना के समय पहना गया काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का बैग और बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सिटी एसपी ने बताया कि मामले के खुलासे में पुलिस उपाधीक्षक सुमीत कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार तथा एसआईटी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

नवीनतम लेख