भागलपुर। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने भागलपुर–जमालपुर रेलखंड पर अकबरनगर और सुल्तानगंज स्टेशनों के बीच स्थित महेशी हॉल्ट पर इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नलिंग (आईबीएस) प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कार्य पूरा कर लिया है। नई व्यवस्था लागू होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा।
मालदा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता राजेंद्र कुमार की निगरानी में इंजीनियरिंग, विद्युत, परिचालन तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों के समन्वित प्रयास से पूरा किया गया। केवल चार घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में बिना रेल परिचालन बाधित किए यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कमीशनिंग के दौरान अकबरनगर और सुल्तानगंज स्टेशनों के पैनल इंटरलॉकिंग सिस्टम में आवश्यक संशोधन किए गए, जिससे इंटरमीडिएट ब्लॉक प्रणाली के साथ डबल डिस्टेंट सिग्नलिंग व्यवस्था लागू की जा सकी। नई व्यवस्था शुरू करने से पहले सभी सिग्नलिंग उपकरणों, पॉइंट्स और सुरक्षा प्रणालियों का व्यापक परीक्षण भी किया गया।
नई आईबीएस व्यवस्था लागू होने के बाद पहले का 11 किलोमीटर लंबा ब्लॉक सेक्शन अब लगभग 5–6 किलोमीटर के दो अलग-अलग ब्लॉक सेक्शनों में विभाजित हो गया है। इससे रेल लाइन की क्षमता बढ़ेगी और कम दूरी वाले ब्लॉक सेक्शन के कारण ट्रेनों का संचालन अधिक लचीला एवं सुरक्षित होगा। इसके साथ ही ट्रेनों की आवाजाही में सुधार, अनावश्यक देरी में कमी, समयपालन में वृद्धि और यात्री व मालगाड़ियों के अधिक कुशल संचालन में मदद मिलेगी।
