32.6 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

जुबिली पार्क के पास महिला से सोने की चेन झपटी, बाइक सवार बदमाश फरार

पूर्वी सिंहभूम। साकची थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जुबिली पार्क के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सोनारी के आदर्शनगर निवासी चंदना दास अपने परिवार और ननद के साथ जुबिली पार्क घूमने आई थीं। पार्क से निकलने के बाद सभी लोग साकची की खाऊ गली में खाना खाने पहुंचे। इसी दौरान जब चंदना दास फूड स्टॉल के सामने बैठने जा रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने उतरते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली और साथी के साथ तेज रफ्तार से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चेन झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि यह वारदात एसएसपी कार्यालय के सामने हुई, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख