पूर्वी सिंहभूम। शहर में चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं से सोने की चेन छीनने की तीन घटनाएं सामने आई हैं, जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 का है। शनिवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी के गले से एक पैदल बदमाश ने करीब तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे महिला संभल भी नहीं सकीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
सूचना मिलने पर उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
इससे पहले शुक्रवार को सोनारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीन ली गई थी। वहीं शुक्रवार रात साकची थाना क्षेत्र में एसएसपी कार्यालय के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक अन्य महिला को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
