28 C
Kolkata
Saturday, August 15, 2026

मरंगा चौक पर फास्ट फूड दुकानदार की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

पूर्णिया। शहर के मरंगा थाना क्षेत्र स्थित मरंगा चौक पर शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक फास्ट फूड दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई है, जबकि स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है।

मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 स्थित मुर्गी फॉर्म निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। वह मरंगा चौक पर चाउमीन और अन्य फास्ट फूड बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात चंदन अपनी दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान पहुंचे अपराधियों ने उस पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चंदन को पांच गोलियां लगीं, जिनमें तीन पीठ और दो पेट में लगीं। गंभीर रूप से घायल चंदन को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

मृतक के भाई कुंदन कुमार ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब एक वर्ष पहले उनकी भांजी को मंजय ऋषि नामक युवक कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले गया था। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी जेल भी गया था। आरोप है कि तभी से आरोपी पक्ष उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था और उसी रंजिश में चंदन की हत्या की गई।

हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख