32.3 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

पूरे अगस्त गांव-गांव पहुंचेगा न्याय रथ, लोगों को देगा कानूनी अधिकारों की जानकारी

पलामू। पलामू व्यवहार न्यायालय परिसर से शनिवार को न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा ने न्याय रथ को रवाना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जिले के लोगों को कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। यह न्याय रथ पूरे अगस्त माह तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों का भ्रमण करेगा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि न्याय रथ के माध्यम से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि वे जरूरत पड़ने पर निःशुल्क कानूनी सहायता कैसे प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विधि स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रह जाए। न्याय रथ के माध्यम से लोगों की समस्याएं और शिकायतें भी सुनी जाएंगी तथा उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अखिलेश कुमार, राज कुमार मिश्रा, स्वेता ढींगरा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोरंजन कुमार सहित न्यायिक पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिकारी, अधिवक्ता और पीएलवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख