27.3 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार किलो एक्सपायर्ड आटा जब्त

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन का खाद्य सुरक्षा जांच अभियान जारी है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित संयुक्त खाद्य सुरक्षा दल ने मंदिर मोड़ स्थित विभिन्न भोजनालयों, ठेला-खोमचा, डिस्ट्रीब्यूटर और थोक दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान देसी जायका भोजनालय के किचन में अत्यधिक गंदगी पाई गई। इस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं विभिन्न भोजनालयों में इस्तेमाल किए जा रहे पनीर की जांच में उसकी गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।

इसी क्रम में उपभोक्ता की ऑनलाइन शिकायत के आधार पर इंडियन स्पाइस मटन हाउस की भी विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान सिद्धि विनायक ट्रेडिंग में फॉर्च्यून ब्रांड का करीब 10 हजार किलोग्राम एक्सपायर्ड आटा और इमामी ब्रांड का करीब 800 किलोग्राम एक्सपायर्ड बेसन मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने पूरे स्टॉक को मौके पर अलग कर सुरक्षित रख दिया और अगले आदेश तक उसकी बिक्री पर रोक लगा दी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की प्रासंगिक धाराओं के तहत नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान सभी होटल, भोजनालय और खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई, स्वच्छता और हाइजीन मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायत मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

श्रद्धालु और उपभोक्ता खाद्य सुरक्षा से संबंधित शिकायत 24 घंटे सातों दिन 8448739474 पर दर्ज करा सकते हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख