27.3 C
Kolkata
Saturday, August 1, 2026

श्रावणी मेले में हाईटेक सफाई व्यवस्था, 24 घंटे अलर्ट मोड में नगर निगम

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबानगरी में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों का आगमन जारी है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित, सुलभ और दुर्गंधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर देवघर नगर निगम की पूरी टीम 24 घंटे अलर्ट मोड में काम कर रही है।

स्वच्छता भी, साधना भी और ग्रीन एवं स्मार्ट श्रावणी मेला की थीम को साकार करने के लिए नगर निगम पारंपरिक सफाई व्यवस्था के साथ अत्याधुनिक तकनीक और हाईटेक मशीनों का इस्तेमाल कर रहा है। कांवरिया पथ और पूरे मेला क्षेत्र में आधुनिक मोबाइल शौचालय लगाए गए हैं। शौचालयों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की त्वरित सफाई के लिए हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।

मंदिर परिसर, संकरी गलियों, होल्डिंग प्वाइंट और टेंट सिटी सहित अन्य क्षेत्रों की गहन सफाई के लिए पोर्टेबल हाई-प्रेशर वाशर और पावर वाशिंग गन का इस्तेमाल किया जा रहा है। संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और मच्छर-मक्खियों से बचाव के लिए फॉगिंग और सैनिटाइजेशन वाहनों से लगातार दवा का छिड़काव किया जा रहा है। कांवरिया पथ, टेंट सिटी और प्रमुख संपर्क मार्गों पर सफाई मित्र ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कर रहे हैं।

वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के तहत मेला क्षेत्र में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग रंगों के डस्टबिन लगाए गए हैं। पेयजल आपूर्ति और धुलाई कार्यों के लिए ट्रैक्टर-टैंकरों की सेवा भी लगातार जारी है।

नगर निगम ने पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन में बांटकर सैकड़ों सफाई मित्रों की तैनाती की है। तीन शिफ्टों में काम कर रहे सफाईकर्मी 24 घंटे सफाई, सैनिटाइजेशन और कचरा निष्पादन में जुटे हैं।

नगर आयुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान हाईटेक मशीनों और समर्पित सफाईकर्मियों के सहयोग से बाबानगरी आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

नवीनतम लेख