29.9 C
Kolkata
Thursday, July 30, 2026

घायल छात्रा नूतन टोप्पो से मिले मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और योगेंद्र प्रसाद

रांची: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान घायल हुईं झारखंड की छात्रा नूतन कुमारी टोप्पो से राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने रांची में मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। दोनों मंत्रियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने नूतन टोप्पो से आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और नूतन पुलिस कार्रवाई के साथ पैलेट गन का भी शिकार हुईं।

दीपिका पांडेय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं की समस्याओं और उनकी वर्षों की मेहनत को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। इस दौरान कांग्रेस रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद रांची के ग्लोबल अस्पताल पहुंचे और नूतन टोप्पो से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने इलाज कर रहे चिकित्सकों से भी बातचीत कर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार नूतन टोप्पो के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नूतन जल्द स्वस्थ होकर नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को आगे बढ़ाएंगी।

Related Articles

नवीनतम लेख