31.1 C
Kolkata
Thursday, July 30, 2026

JPSC पीटी परीक्षा: सफल 2204 अभ्यर्थियों की OMR शीट की होगी जांच, CID ने मांगी कार्बन कॉपी

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 में कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने पीटी परीक्षा में सफल सभी 2204 अभ्यर्थियों की OMR शीट का मिलान कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए अभ्यर्थियों से उनकी OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराने को कहा गया है।

CID की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, अभ्यर्थियों के पास मौजूद OMR शीट की कार्बन कॉपी का मिलान JPSC कार्यालय से जब्त मूल OMR शीट से किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह जांचना है कि दोनों OMR शीट में किसी प्रकार की छेड़छाड़ या विसंगति तो नहीं हुई है। जिन अभ्यर्थियों की OMR शीट में अंतर पाया जाएगा, उन्हें आगे की पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

जांच एजेंसी ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-01/2026) के सभी सफल अभ्यर्थियों से 30 जुलाई से 5 अगस्त के बीच पेपर-1 और पेपर-2 की OMR शीट की कार्बन कॉपी भेजने का अनुरोध किया है। अभ्यर्थी अपनी OMR शीट की फोटो या पीडीएफ बनाकर व्हाट्सएप नंबर 9934309058 या ईमेल complainjpsc-cid@jhpolice.gov.in पर भेज सकते हैं।

CID ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के पास OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध नहीं है, वे अपना रोल नंबर भेजकर इसके उपलब्ध न होने का कारण भी व्हाट्सएप या ईमेल के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं।

CID का मानना है कि अभ्यर्थियों से प्राप्त कार्बन कॉपी और JPSC कार्यालय से जब्त मूल OMR शीट के मिलान से परीक्षा में कथित अनियमितताओं और संभावित फर्जीवाड़े की जांच को महत्वपूर्ण आधार मिलेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख