29.9 C
Kolkata
Thursday, July 30, 2026

सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर की स्वदेश वापसी के प्रयास तेज, नियोक्ता कंपनी को नोटिस

कानपुर: विदेश में कार्य के दौरान दिवंगत हुए कानपुर निवासी सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और पार्थिव शरीर की शीघ्र स्वदेश वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित समिति ने प्रोटेक्टर ऑफ इमीग्रेंट्स (पीओई) लखनऊ के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की है। श्रम विभाग ने नियोक्ता कंपनी मेसर्स एवन नेविगेट मरीन्स प्राइवेट लिमिटेड को कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम, 1923 की धारा-10 के तहत नोटिस भी जारी किया है।

अपर श्रम आयुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार मौर्य ने पीओई लखनऊ से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। परिजनों से निर्धारित प्रारूप में जानकारी प्राप्त कर उसे पीओई लखनऊ और रूस स्थित भारतीय दूतावास (मास्को) को ई-मेल के माध्यम से भेज दिया गया है, ताकि पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जा सके।

इसके अलावा जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश के स्थानिक आयुक्त (रेजिडेंट कमिश्नर), नई दिल्ली को पत्र भेजकर पार्थिव शरीर की शीघ्र स्वदेश वापसी और नियोक्ता कंपनी तथा भर्ती एजेंसी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा ने शास्त्री नगर स्थित सागर गुप्ता के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की थी और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया था। जिला प्रशासन लगातार परिजनों के संपर्क में रहकर संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख