31.1 C
Kolkata
Thursday, July 30, 2026

राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारत आठवें स्थान पर, दिलीप गावित ने जीता स्वर्ण

नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल 2026 के सातवें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। पैरा एथलेटिक्स में दिलीप गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि मोहम्मद बासिल ने रजत पदक हासिल कर भारत को इस स्पर्धा में ऐतिहासिक 1-2 फिनिश दिलाई। वहीं, लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने रजत पदक जीतकर लगातार दूसरे राष्ट्रमंडल खेलों में पदक हासिल करने का गौरव प्राप्त किया।

दिलीप गावित ने 10.71 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकंड का समय निकालते हुए रजत पदक जीता। यह इस संस्करण में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है।

लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने 8.09 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में जमैका के ताजे गेल ने स्वर्ण, जबकि स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी ने कांस्य पदक हासिल किया। भारत के लोकेश सत्यनाथन पांचवें स्थान पर रहे।

मुक्केबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच समेत छह भारतीय मुक्केबाजों ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।

इन उपलब्धियों के बाद भारत ने पदक तालिका में भी छलांग लगाई है। भारत अब 3 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 15 पदकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 103 पदकों (47 स्वर्ण) के साथ शीर्ष पर कायम है। कनाडा दूसरे और इंग्लैंड तीसरे स्थान पर हैं। मेजबान स्कॉटलैंड चौथे, नाइजीरिया पांचवें, दक्षिण अफ्रीका छठे और मलेशिया सातवें स्थान पर हैं। भारत के बाद न्यूजीलैंड नौवें और जमैका दसवें स्थान पर मौजूद हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख