29.9 C
Kolkata
Thursday, July 30, 2026

राष्ट्रमंडल खेल 2026: दिलीप गावित ने रचा इतिहास, मोहम्मद बासिल के साथ दिलाया भारत को डबल पोडियम

ग्लासगो: राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय पैरा एथलेटिक्स दल ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में स्वर्ण और रजत दोनों पदक अपने नाम किए। दिलीप गावित ने स्वर्ण पदक जीतकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया, जबकि मोहम्मद बासिल ने रजत पदक हासिल कर भारत को इस स्पर्धा में ऐतिहासिक डबल पोडियम दिलाया।

दिलीप गावित ने 10.71 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वहीं, मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकेंड का समय दर्ज कर रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

यह राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले भारोत्तोलन में मीराबाई चानू और पैरा शॉटपुट में शर्मिला धनकर स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

महाराष्ट्र के नासिक जिले के तोरण डोंगरी गांव के रहने वाले दिलीप गावित का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। किसान परिवार में जन्मे दिलीप बचपन में अपने माता-पिता के साथ खेतों में काम करते थे।

पांच-छह वर्ष की उम्र में पेड़ से गिरने से उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण संक्रमण बढ़ गया और कोहनी के नीचे से उनका हाथ काटना पड़ा। इस कठिन परिस्थिति के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पैरा एथलेटिक्स में अपनी अलग पहचान बनाई।

दिलीप इससे पहले इसी वर्ष इंडिया ओपन और नई दिल्ली ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने 2022 एशियाई पैरा खेलों की पुरुषों की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

ग्लासगो में दिलीप गावित और मोहम्मद बासिल का यह शानदार प्रदर्शन भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाकर देश का गौरव बढ़ाया और राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के पदकों की संख्या में अहम योगदान दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख