32.1 C
Kolkata
Wednesday, July 29, 2026

खूंटी-तोरपा में समय से पहले पूरा हुआ एसआईआर प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन

खूंटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत खूंटी जिले ने अहम उपलब्धि हासिल करते हुए खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा से एक दिन पहले पूरा कर लिया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में यह लक्ष्य समय से पहले हासिल किया गया। अभियान के तहत 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और प्रपत्रों की छपाई का कार्य किया गया। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण किया। इस दौरान मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी तय समय में पूरी की गई।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सहित सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के समर्पण, बेहतर समन्वय और सतत मॉनिटरिंग के कारण 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य समय से पहले पूरा हो सका।

जिला प्रशासन ने बताया कि एसआईआर-2026 के अगले चरण में 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जिनका 3 अक्टूबर तक नियमानुसार निपटारा होगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को आगामी चरणों में भी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख