30.9 C
Kolkata
Wednesday, July 29, 2026

दतिया उपचुनाव: मतदान की सभी तैयारियां पूरी, आज होगा मतदान

भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान होगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

मंगलवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश देना था।

फ्लैग मार्च भैरव मंदिर से शुरू होकर तिगैलिया, टाउन हॉल, बड़ा बाजार, पटवा तिराहा, किला चौक, दारूगर की पुलिया, बिहारी जी मंदिर तिगैलिया, राजगढ़ चौराहा, सीता सागर, पुरानी कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन और झांसी चुंगी पुल होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुआ। प्रशासन ने कहा कि मतदान भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान दलों को बुधवार सुबह पांच बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, दतिया से मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। सामग्री वितरण और जमा करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और तेज गति से पूरी हो सके। बारिश को देखते हुए टेंट, बसों की पार्किंग, वैकल्पिक व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर क्रेन की भी व्यवस्था की गई है।

निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष, सामग्री वितरण केंद्र, सीसीटीवी, बैरीकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य पूरे किए गए हैं।

अधिकारियों को बिजली, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने परिवहन, ईवीएम-वीवीपैट, मतदान दलों के प्रशिक्षण, वेबकास्टिंग, कंट्रोल रूम, शिकायत निवारण, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, खाद्य पैकेट, इंटरनेट, पहचान पत्र वितरण और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।

मानसून को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यदि किसी पुल पर पानी बहने की स्थिति बनेगी तो मतदान दलों के वाहनों को वहां से नहीं गुजरने दिया जाएगा और पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, व्हीलचेयर और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी रहेगी।

निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए माइक्रो ऑब्जर्वरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कराने और मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बल चौबीसों घंटे वाहनों की जांच कर रहे हैं। नकदी, शराब और अन्य संदिग्ध सामग्री की विशेष जांच की जा रही है।

एसएसटी टीम ने विभिन्न चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 98 लाख 80 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा बसई चेकिंग प्वाइंट पर एक वाहन से 1685 ग्राम चांदी और 8.5 ग्राम सोने के आभूषण भी जब्त किए गए हैं। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर इन्हें जिला कोषालय में जमा कराया गया।

सामान्य प्रेक्षक विजय भारती ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची, मूलभूत सुविधाओं और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता पर्चियां वितरित कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं से मतदान के दिन वोटर स्लिप और आयोग द्वारा मान्य पहचान पत्र साथ लाकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की जा रही है।

85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और पात्र दिव्यांग मतदाताओं के लिए डाक मतपत्र के माध्यम से घर पर मतदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

उपचुनाव के सफल संचालन के लिए न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक-4 में विधानसभा स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। निर्वाचन संबंधी जानकारी या शिकायत के लिए 8305199022 नंबर जारी किया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख