30.9 C
Kolkata
Wednesday, July 29, 2026

कांवड़ मार्ग पर भीषण हादसा, हरिद्वार जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कांवड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सभी श्रद्धालु हाल ही में खरीदी गई नई बोलेरो पिकअप से गंगा स्नान और वाहन की पूजा के लिए हरिद्वार जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त (मोदीनगर) भास्कर वर्मा के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 12:40 बजे निवाड़ी थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। सामने से आ रहे ट्रक और बोलेरो पिकअप की आमने-सामने टक्कर में रमेश पुत्र छोटेलाल, रतन पुत्र भजनलाल और सरजीत पुत्र खुशीराम की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों राजस्थान के अलवर जिले के कलगांव के निवासी थे।

हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में ट्रक और बोलेरो दोनों की तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है। दुर्घटना चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर हुई, जो मुरादनगर से मेरठ और मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार तक जाने वाला प्रमुख कांवड़ मार्ग है।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की सुबह से इस मार्ग पर भारी वाहनों का डायवर्जन लागू होना था, लेकिन उससे पहले देर रात यह दर्दनाक हादसा हो गया। मामले में ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख