भोपाल: मध्य प्रदेश में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण बुधवार को मौसम विभाग ने पांच जिलों में अति भारी और 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में चार इंच या उससे अधिक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर और छतरपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के मुताबिक प्रदेश के ऊपर से गुजर रही मानसून ट्रफ, सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी हिस्से में बने एक अन्य चक्रवाती तंत्र के कारण मजबूत बारिश का सिस्टम बना हुआ है। यह सिस्टम ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से आगे बढ़ते हुए मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य इलाकों में व्यापक वर्षा कराएगा। बाद में इसके कमजोर होकर अवदाब और फिर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
इसके अलावा भोपाल, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी हल्की से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में दिनभर बादल और धूप का दौर चलता रहा, जबकि रुक-रुक कर बारिश होती रही। मुरैना समेत कई इलाकों में तेज वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 13.6 इंच (345.9 मिमी) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि तक 16.5 इंच (418.4 मिमी) वर्षा होनी चाहिए थी। यानी अब भी प्रदेश में करीब 17 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, सक्रिय मानसून के कारण आने वाले दिनों में इस कमी के कम होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा मानसूनी सिस्टम का प्रभाव 1 अगस्त तक बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
