पश्चिमी सिंहभूम। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत आरटी गैंग कर्मियों, वेल्डरों, कारपेंटरों, चौकीदारों और लोहारों को लंबे समय से लंबित पोशाक भत्ता (ड्रेस अलाउंस) का भुगतान जल्द किया जाएगा। रेल प्रशासन के इस फैसले से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चक्रधरपुर निवासी चांद मोहम्मद ने बताया कि वर्ष 2019 से इन कर्मचारियों को पोशाक भत्ता नहीं मिल पाया था। इस मुद्दे को लेकर यूनियन लगातार मंडल और जोन स्तर के रेलवे अधिकारियों के समक्ष मांग उठाती रही। कई दौर की वार्ता और पत्राचार के बाद रेल प्रशासन ने आगामी वेतन के साथ 6,250 रुपये पोशाक भत्ता देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि यह भत्ता प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में देय होता है। लंबे समय से लंबित भुगतान की स्वीकृति मिलने से इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
चांद मोहम्मद ने इस निर्णय के लिए चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आर.पी. मीना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने रेल प्रशासन से इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों के आवास भत्ता और साइकिल भत्ता के लंबित एरियर का भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि कर्मचारियों को उनके सभी बकाया देयकों का लाभ मिल सके।
