जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े क्वार्टर का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर-3 की है, जहां टाटा मोटर्स के कर्मचारी मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ रहते हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपने दूसरे आवास पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
सोमवार को जब मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ कंपनी के क्वार्टर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर गहने और नकदी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल टेल्को थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
