नई दिल्ली। पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल से सोमवार को छुट्टी मिल गई। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो के माध्यम से दी।
वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा, “मुझे अस्पताल से छुट्टी मिल रही है। मैं महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जाऊंगा और उसके बाद पहाड़ों की ओर लौट जाऊंगा।”
उन्होंने इलाज के दौरान देखभाल के लिए मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे स्टाफ का आभार भी व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर करीब 37 दिनों तक चले प्रदर्शन में 26 दिनों का अनशन किया था। अनशन के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पहले सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था।
यह आंदोलन नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा था। मंत्री के इस्तीफे के बाद छात्र संगठन ने आंदोलन स्थगित कर दिया। साथ ही संगठन ने भविष्य में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग भी दोहराई।
