राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डैम में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांचों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे पांचों दोस्त
खुजनेर थाना पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले के अरंडिया खुर्द और अरंडिया गांव के रहने वाले पांच दोस्त शनिवार सुबह करीब आठ बजे स्विफ्ट कार से राजस्थान स्थित खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे। दोपहर में भीलखेड़ी जोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डैम में जा गिरी।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पानी में डूबी कार को बाहर निकाला गया, जिसमें पांचों लोगों के शव मिले।
पांचों मृतकों की हुई पहचान
खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि मृतकों की पहचान गोविंद तिवारी (55), कमल किशोर तिवारी (57), शंकर नाथ (58), अरविंद वर्मा (48) और रोहित पटेल (40) के रूप में हुई है। गोविंद तिवारी और कमल किशोर तिवारी चचेरे भाई थे।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। एहतियात के तौर पर यह सुनिश्चित करने के लिए कि कार में कोई अन्य व्यक्ति सवार न था, डैम में तलाश और बचाव अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
