प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नैनी स्थित काशीराम कॉलोनी में कथित गौहत्या की सूचना पर शनिवार तड़के पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त अभियान में 11 आरोपित पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद की ओर से मिली सूचना के बाद पुलिस उपायुक्त यमुनानगर के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विशेष अभियान दल, नैनी थाना पुलिस, सहायक पुलिस आयुक्त करछना और भारी पुलिस बल ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। अभियान के दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने दावा किया कि तलाशी के दौरान एक खंडहरनुमा कमरे से गाय का अधकटा शव बरामद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर गोली चलाते हुए भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चापड़, चाकू, अवैध कट्टा, कारतूस और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के दौरान एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों की जांच की मांग की है।
