सारण। बरसात के दौरान श्मशान घाटों पर जलजमाव और अंतिम संस्कार में आ रही परेशानियों को देखते हुए छपरा विधायक छोटी कुमारी ने रिविलगंज प्रखंड के सेमरिया विद्युत शवदाह गृह को जल्द चालू कराने की मांग की है।
विधानसभा में उठाया जनहित का मुद्दा
विधायक छोटी कुमारी ने बिहार विधानसभा में लोक महत्व के विषय के तहत निवेदन के माध्यम से सरकार का ध्यान सेमरिया विद्युत शवदाह गृह की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना वर्षों से तैयार होने के बावजूद अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देखरेख की कमी और विभागीय उदासीनता के कारण जनहित की यह सुविधा बेकार पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बारिश में अंतिम संस्कार में बढ़ रही परेशानी
विधायक ने कहा कि वर्तमान में गंगा तट और अन्य श्मशान घाटों पर बारिश के कारण कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे हालात में लोगों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जो बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि विद्युत शवदाह गृह के शुरू होने से लोगों को हर मौसम में सम्मानजनक और आधुनिक सुविधा मिल सकेगी।
विधायक ने सरकार से मांग की कि सेमरिया विद्युत शवदाह गृह को जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन, निर्बाध बिजली व्यवस्था और प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था की जाए। साथ ही, परियोजना में हुई देरी की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
