झाड़ग्राम। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लॉरी से करीब 1200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। मामले में लॉरी चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
लोहे के पाइप के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था सिरप
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता से ओडिशा जा रही लोहे के पाइप से लदी एक लॉरी में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बालिभाषा फ्लाईओवर के पास वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान लॉरी से करीब 1200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
तस्करी गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड निवासी राजू मुंडारी के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
झाड़ग्राम जिला पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
