30.6 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

जालौन में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल, अंतरजनपदीय चोर गिरोह का तीसरा सदस्य गिरफ्तार

उरई। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पुलिस और अंतरजनपदीय चोर गिरोह के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। रामपुरा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके तीसरे साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपितों से पूछताछ जारी है।

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि रामपुरा-निनावली संपर्क मार्ग पर चोरी की वारदातों में शामिल गिरोह की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमीरपुर निवासी बृजेन्द्र राजपूत और विवेक राजपूत के पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर गिर पड़े, जबकि महोबा निवासी सोनू यादव को पुलिस ने बिना गोली चलाए गिरफ्तार कर लिया। घायलों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हथियार, नकदी और जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात, 14,470 रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

कई जिलों में सक्रिय था गिरोह

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि तीनों आरोपित गिरोह बनाकर विभिन्न जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, घायल आरोपित बृजेन्द्र राजपूत और विवेक राजपूत के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर और हत्या सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख