पूर्वी सिंहभूम। बोडाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में शुक्रवार तड़के महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन, स्थानीय गोताखोर और राहत-बचाव दल दोनों डॉक्टरों की तलाश में जुटे हैं।
मोबाइल निकालने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टर सक्षम, समीर और उनके साथी यश शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे कार से डिमना लेक घूमने पहुंचे थे। तीनों रेडियल गेट के नीचे बने तालाबनुमा हिस्से के पास बैठे थे।
इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल फोन पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा डॉक्टर भी पानी में कूद गया, लेकिन वह भी गहराई में समा गया। तीसरा साथी यश किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।
गोताखोरों की मदद से चल रहा बचाव अभियान
घटना के बाद यश ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और बोडाम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
बताया जा रहा है कि रेडियल गेट के नीचे बना यह गड्ढा काफी गहरा है और पानी की स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है। गोताखोर लगातार दोनों डॉक्टरों की तलाश कर रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बचाव संसाधनों की मदद भी ली जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर और मेडिकल कॉलेज कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में चिंता और शोक का माहौल है।
पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसा माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों डॉक्टरों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
